छापरवाड़ा बांध में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ ने निकाला

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर ग्रामीण के दूदू थाना क्षेत्र स्थित छापरवाड़ा बांध में डूबे 27 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया। मृतक की पहचान गिरधारीपुरा थाना करणी विहार जयपुर निवासी विकास पुत्र कालूराम हरिजन के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ कमाण्डेन्ट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया के अनुसार रविवार सुबह जयपुर ग्रामीण पुलिस कंट्रोल रूम से छापरवाड़ा बांध में युवक के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बटालियन मुख्यालय गाडोता में तैनात ए-05 रेस्क्यू टीम के प्रभारी हेड कांस्टेबल पोखरमल के नेतृत्व में नौ जवानों की टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
एसडीआरएफ टीम घटनास्थल पहुंची। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर युवक की तलाश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ जवानों ने कमाण्डेन्ट के निर्देश पर तत्काल सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम के जवान रामधन, झाबरमल, फूलचन्द, पुरुषोत्तम, मुनेश, नरेश, अनिल, ओमप्रकाश और लखन ने बांध में उतरकर तलाश शुरू की। बांस और लाइफ बॉय की मदद से जिक-जैक एवं लाइन सर्च तकनीक के जरिए पानी की गहराई में युवक की तलाश की गई।
लगातार प्रयास के बाद एसडीआरएफ टीम ने युवक का शव पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए दूदू थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया।

You might also like