शराब ठेके पर फायरिंग, मारपीट कर दहशत फैलाने का एक आरोपी गिरफ्तार
चिरानी की पहाड़ी पर छुपा हुआ था आरोपी
खेतड़ी नगर,(विपुल पारीक)13 मई। कॉपर-मानोता रोड पर स्थित शराब ठेके पर एक सप्ताह पूर्व ठेके में हिस्सेदारी व मंथली को लेकर हुई फायरिंग व तोडफ़ोड़ के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
थानाधिकारी किरणसिंह यादव ने बताया कि छह मई को मानोता कलां निवासी सत्यवीर ने रिपोर्ट दी की पांच मई की रात्री को मानोता खुर्द शराब ठेके पर मानोता खुर्द निवासी धर्मपाल गुर्जर, राजेंद्र, चिरानी निवासी अनिल गुर्जर के नामजद सहित छह अन्यों के खिलाफ शराब ठेके में हिस्सेदारी को लेकर फायरिंग व तोडफ़ोड़ की घटना को अंजाम दिया था।
रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसपी जगदीश चंद्र शर्मा व एएसपी विरेंद्र कुमार मीणा के निर्देशन में खेतड़ी एएसपी मोहम्मद अयूब के नेतृत्व में टीम का गठन कर आरोपीयों को गिरफ्तार करने के लिए संदिग्ध स्थानों पर दबिस दी। मुखबीर से सूचना मिली की शराब ठेके पर फायरिंग करने वाले आरोपी चिरानी की पहाडिय़ों में छुपे हुए है।
सूचना पर थानाधिकारी किरणसिंह यादव के नेतृत्व में राजेंद्र सिंह, राकेश कुमार, दीपक कुमार व भैरू राम की टीम ने पहाड़ी पर घेराबंदी कर ढाणी लगरिया तन चिरानी निवासी विक्रम उर्फ विक्की को धर दबोचा। अन्य आरोपी पुलिस के आने की सूचना मिलने पर मौके से फरार हो गए।
आरोपी से पुछताछ की तो उसने शराब ठेके पर फायरिंग व तोडफ़ोड़ की घटना को अंजाम देने वालो के साथ होने की बात कबूल की। घटना के अन्य आरोपीयों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ की जा रही है।
थानाधिकारी किरणसिंह यादव ने बताया कि आरोपी ने पुछताछ में बताया कि वह शराब का आदी है जिसके चलते उसने घटना को अंजाम देने में उनका सहयोग करने के लिए साथ हो गया था। वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य तीन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दुर है।
फायरिंग कर चिरानी की पहाड़ी में छुपे
मानोता खुर्द शराब ठेके पर फायरिंग व तोडफ़ोड़ करने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर चिरानी की पहाड़ी में जाकर छुप गए। विक्रम उर्फ विक्की ने पुछताछ में बताया कि पहाड़ी पर ही उनके लिए खाना व पानी पहुंचाया जाता था, सभी ने अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए जिससे उनकी लोकेशन का पता नहीं चल सके।
शराब व रॉयल्टी ठेके पर मारपीट के हैं मुकदमे दर्ज
मानोता खुर्द शराब ठेके पर फायरिंग व तोडफ़ोड़ के मामले में शामिल गिरफ्तार आरोपी विक्रम उर्फ विक्की पर मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हैं। थानाधिकारी किरणसिंह यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बाकोटी शराब ठेके पर मारपीट करने व डंपर वालो से अवैध वसूली व रॉयल्टी ठेके पर मारपीट का खेतड़ी थाने में मुकदमा दर्ज है। इन मामलों में आरोपी अभी तक फरार चल रहा था।