संयुक्त अरब अमीरात: शारजहां के अब्बाको टावर में भीषण आग, शेखावाटी के माथे पर चिंता की लकीरें

करीब 200 फीट ऊंची बिल्डिंग में रहते हैं 500 से अधिक परिवार

चूरू,(पीयूष शर्मा)6 मई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शहर शारजहां में मंगलवार रात एक रिहायशी बिल्डिंग अब्बाको टावर में लगी भीषण आग से करोड़ों का नुकसान हो गया। आग की खबर लगते ही शेखावाटी के सैकड़ों परिवारों के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ गईं। शारजहां में रह रहे शेखावाटी के असलम के मुताबिक शहर के पोस इलाके अलनाहदा स्थित लगभग 200 फीट ऊंचे अब्बाको टावर में बने फ्लैट्स में अमीर वर्ग के करीब 500 परिवार रहते हैं। आग लगने की सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पुलिस के सहयोग से घंटों तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से हालांकि किसी तरह की जन हानि के समाचार नहीं मिले हैं। मगर बिल्डिंग में बने फ्लैट्स में रखा लग्जरी सामान जलकर राख हो गया। बिल्डिंग के लिए खड़ी लग्जरी कारें कबाड़ में तब्दील हो गईं। बिल्डिंग के नीचे होटल, सैलून, सीमेंट, पेंट कलर सहित अन्य मैटेरियल के प्रतिष्ठान हैं। असलम के मुताबिक शारजहां में चूरू, सीकर व झुंझुनूं क्षेत्र के अनेक लोग मजदूरी करते हैं।

शेखावाटी के लोग करते हैं शारजहां में मजदूरी-कारोबार
शारजहां के अलनाहदा एरिया में भीषण आग की सूचना पर शेखावाटी क्षेत्र के लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ गई। गौरतलब है कि शेखावाटी के चूरू, सीकर व झुंझुनूं जिलों के अनेक कामगार मजदूर व कारोबारी शारजहां में रह रहे हैं। सोशियल मीडिया पर आगजनी की खबर लगते ही यहां लोग फोन-मोबाइल के जरिए संपर्क कर अपनों की खैरियत जानने में जुट गए।

थोड़ा सा जानिए शारजहां के बारे में
करीब आठ लाख की जनसंख्या वाला शारजहां शहर संयुक्त अरब अमीरात का तीसरा सबसे अधिक जनसंख्या वाला शहर है। शारजहां अमीरात की सरकार की राजधानी भी। 235 वर्ग किमी क्षेत्रफल वाला शहर शारजहां सयुंक्त अरब अमीरात के उत्तर पूर्वी भाग में फारस की खाड़ी के किनारे स्थित है।

You might also like