खेतड़ी में दुकानों के बाहर रखने होंगे कचरा पात्र, अतिक्रमण पर लगेगा जुर्माना

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने, अतिक्रमण हटाने और बाजार को व्यवस्थित बनाने के लिए नगरपालिका प्रशासन और व्यापार मंडल की बैठक हुई। पालिकाध्यक्ष गीता देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुकानों के बाहर कचरा पात्र रखने, सडक़ से सामान हटाने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी दुकानदारों को अपनी दुकान के बाहर 20 लीटर क्षमता का कचरा पात्र रखना होगा। इसे दुकानदारों को अपने खर्च पर खरीदना होगा। नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माना लगाने और वसूली की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी नागरमल गुर्जर, वरिष्ठ सहायक संदीप कुमार शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष नवल किशोर पारीक, उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, लीलाधर सैनी, एसआई सुनील सैनी, अशोक कुमार, पार्षद विजेश कुमार, प्रवीण परिवाला, मुकेश पपुरनिया, हनुमान प्रसाद सैनी, धर्मराज, दीपक, बुलाराम सैनी और ललित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य बाजार से हटेगा अतिक्रमण
व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने मुख्य बाजार में रेहड़ी और ठेलों के लिए जगह तय करने का सुझाव दिया। इससे बाजार में रास्ता बाधित नहीं होगा और लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। बैठक में कोतवाली दरवाजे से मुख्य बाजार होते हुए मां बाराही देवी मंदिर के सामने से पंचायत समिति दरवाजे तक सडक़ पर दुकानदारों की ओर से रखा सामान हटाने का निर्णय लिया गया। आदेशों की पालना नहीं करने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैले इस्तेमाल करने की अपील
बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। दुकानदारों से प्लास्टिक की थैलियों के बजाय कागज के लिफाफे और कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने की अपील की गई। नियम तोडऩे वालों पर जुर्माने की कार्रवाई होगी।
दीपावली पर बाजार में होगी रोशनी की व्यवस्था
बैठक में नगरपालिका और व्यापार मंडल के आर्थिक सहयोग से शहर का सौंदर्यकरण करवाने पर चर्चा हुई। दीपावली पर मुख्य बाजार में रोशनी की व्यवस्था सुधारने और हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा नगरपालिका कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान वर्दी पहनने के लिए पाबंद करने और निराश्रित पशुओं की समस्या पर नियंत्रण के लिए कदम उठाने पर सहमति बनी।

You might also like