वीपीएस स्कूल के विद्यार्थियों ने किक बॉक्सिंग में जीते कांस्य पदक
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । विवेकानंद पब्लिक स्कूल राजोता के दो विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों के सम्मान में मंगलवार को स्कूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था निदेशक अशोकसिंह शेखावत थे, जबकि अध्यक्षता चेयरपर्सन विजया शेखावत ने की। प्राचार्य अजयसिंह शेखावत ने बताया कि झुंझुनूं के योगी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्कूल के कक्षा सातवीं का छात्र दीपांशु तथा दसवीं की छात्रा तनु सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। अतिथियों ने दोनों विद्यार्थियों को माला पहनाकर, साफा बांधकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ, अभिभावक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।