सोलर संयंत्र लाभार्थी को मिला सोलर चूल्हा
निसं
बीदासर (नवयत्न)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर संयंत्र स्थापित करवा चुके विद्युत उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से सोलर चूल्हे उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी क्रम में गुरुवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के उपभोक्ता पवन कुमार सारस्वत को सोलर चूल्हा प्रदान किया गया। सोलर चूल्हे का वितरण एआरओ बाबूलाल स्वामी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक अभियंता मुकेश कुमार मालू ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिन उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं तथा केंद्र सरकार की ओर से उनकी सब्सिडी जारी की जा चुकी है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार क्रमवार सोलर चूल्हे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ घरेलू स्तर पर पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करना है। सोलर चूल्हे के उपयोग से उपभोक्ताओं को ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। सोलर चूल्हा प्राप्त करने वाले उपभोक्ता पवन कुमार सारस्वत ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा आधारित उपकरणों के उपयोग से ईंधन की बचत होगी। उन्होंने इसे आर्थिक बचत के साथ देशहित और पर्यावरण के लिए भी उपयोगी कदम बताया। इस अवसर पर विद्युत विभाग से प्रदीप सैनी, राकेश दर्जी, गिरधारी, योगेश मोदी, राजेन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।