एक फरवरी एवं 2 फरवरी को जिले के समस्त मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे
सीकर (दैनिक नवयत्न )। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात जिन मतदाताओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके नाम दावा-आपत्ति चरण के दौरान मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। प्रारूप प्रकाशन से वंचित पात्र नागरिक इस चरण में अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति प्रारूप प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय में आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मतदाता अपने दावा एवं आपत्ति से संबंधित आवेदन राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.sec.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन भी दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों सहित अन्य नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, स्थानांतरण एवं संशोधन से संबंधित कार्य 7 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
इस के लिए आमजन की सुविधा के लिए 1 एवं 2 फरवरी 2026 को जिले के समस्त मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समस्त प्रगणक ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित मतदान केंद्रों पर पूरे दिन उपस्थित रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे।