पत्रकारों के स्वास्थ्य के लिए खास पहल: कमर दर्द पर विशेषज्ञों ने दिए अहम सुझाव
नवरतन अग्रवाल
जयपुर (नवयत्न)। रविवार को राजस्थान पत्रकार परिषद के तत्वावधान में पत्रकारों के लिए “कमर दर्द” विषय पर एक विशेष हेल्थ टॉक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नारायण सर्किल के पास स्थित डॉक्टर क्वार्टर के कंपाउंड में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया।

इस हेल्थ टॉक शो में राज्य के प्रतिष्ठित विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कमर दर्द से बचाव और उसके उपचार के प्रभावी तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना था, विशेष रूप से कमर दर्द जैसी बढ़ती समस्या के प्रति।
कार्यक्रम में न्यूरो सर्जन डॉ. नवनीत अग्रवाल ने कमर दर्द से जुड़ी नसों की समस्याओं, उनके कारणों तथा सर्जिकल और नॉन-सर्जिकल उपचारों के बारे में जानकारी दी। वहीं ऑर्थो-स्पाइन फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. हिमांशु वशिष्ठ ने फिजियोथेरेपी के माध्यम से रीढ़ की हड्डी को स्वस्थ रखने, सही पोश्चर अपनाने और नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला।
राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेशाध्यक्ष रोहित सोनी ने बताया कि डिजिटल कार्य और बढ़ते स्क्रीन समय के कारण पत्रकारों में कमर दर्द की समस्या तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम पत्रकारों के लिए बेहद लाभदायक साबित होंगे।
कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से प्रश्न पूछकर अपनी समस्याओं और भ्रम का समाधान भी प्राप्त किया। वहीं महासचिव रमेश यादव ने जानकारी दी कि परिषद भविष्य में भी पत्रकारों के स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।