श्री बापूजी ग्रुप ऑफ एजुकेशन में स्पोर्ट्स मीट-2026 का आगाज

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । श्री बापूजी ग्रुप ऑफ एजुकेशन में सोमवार से साप्ताहिक स्पोर्ट्स मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज की चेयरपर्सन डॉ. ईशा गुर्जर एवं निदेशक डॉ. ओमप्रकाश गुर्जर ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यार्थियों में खेलों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर डॉ. ईशा गुर्जर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियां विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. ओमप्रकाश गुर्जर ने विद्यार्थियों को जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करते हैं। कॉलेज प्रशासन द्वारा वॉलीबॉल, क्रिकेट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है। स्पोर्ट्स मीट के उद्घाटन अवसर पर पहला क्रिकेट मुकाबला ब्लैक थंडर्स और ब्लू ब्लास्टर्स टीमों के बीच खेला गया, जिसमें ब्लैक थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रिंसिपल डॉ. गौतम उपाध्याय, एसोसिएट प्रोफेसर हितेश शर्मा, नर्सिंग ट्यूटर मिलन तिवाड़ी, जॉबी थॉमस, बीएनवाईएस विभाग के शिक्षक सचिन चौधरी, स्पेशल बीएसटीसी विभागाध्यक्ष नीतूवीर गुर्जर, बीएससी आयुर्वेदिक नर्सिंग विभाग के नेमाराम, सुनीता जांगिड़ एवं गुलाब गुर्जर सहित स्टाफ सदस्यों की विशेष भूमिका रही।

You might also like