24 घंटे से लिंक रोड पर जमा है गंदा पानी, स्कूल जाने वाले बच्चों की राह रुकी

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। नगर पालिका की ओर से मीणों के मोहल्ले की गैनाणी के गंदे और बरसाती पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे से बरसात का पानी लिंक रोड और चौक में जमा है। इससे आमजन के साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है। गैनाणी की नालियों में कचरा और गंदगी जमा होने से बदबू फैल रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार गैनाणी में मोहल्ले के करीब 200 से 250 घरों का गंदा और बरसाती पानी आता है। पिछले कुछ दिनों से इसकी निकासी नहीं हो पा रही है। पहले गैनाणी का पानी पास स्थित महात्मा गांधी स्कूल के मैदान की तरफ निकल जाता था, लेकिन अब वहां निकासी बंद होने से पानी मोहल्ले में ही जमा हो रहा है।
एक साल से स्थायी समाधान का प्रयास
नगर पालिका पानी की निकासी के लिए कुएं के पास चैंबर बनाकर पाइपलाइन के जरिए पानी निकालने की योजना पर करीब एक साल से काम कर रही है। इसके लिए पहले टेंडर भी जारी किया गया था, लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया। इसके बाद पालिका ने टेंडर निरस्त कर अमानत राशि जब्त कर ली। अब नए ठेकेदार को काम देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
अस्थायी व्यवस्था की मांग
मोहल्लेवासियों का कहना है कि स्थायी समाधान होने में समय लग सकता है, लेकिन तब तक पालिका को पानी की निकासी के लिए अस्थायी व्यवस्था करनी चाहिए। लगातार पानी जमा रहने से गंदगी और बदबू बढ़ रही है। बारिश के बाद कम धूप निकलने से मच्छरों और अन्य कीटों का प्रकोप भी बढऩे लगा है। लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि बीमारी फैलने की स्थिति बनने से पहले पानी की निकासी की अस्थायी व्यवस्था की जाए और स्थायी समाधान का काम जल्द शुरू कराया जाए।

You might also like