गांधी जयंती पर विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता और सत्य-अहिंसा का संदेश
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। शहीद कर्नल जे.पी. जानू पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गांधी जयंती एवं स्वच्छता दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। संस्था प्रधान अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के जीवन, सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर भाषण से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने गांधी भजनों की प्रस्तुति दी। विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर विभिन्न प्रकार के कचरे का संग्रहण एवं प्रबंधन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। स्वच्छता एवं गांधी दर्शन विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों ने गांधीजी के जीवन पर आधारित कविताओं का पाठ किया और लघु नाटक के माध्यम से उनके विचारों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उप प्राचार्य अरुण चौमाल, अंजू चौधरी, राजेश कुमार, मुकेश कटारिया, मुकेश मीठवाल, ईशार बाबू, प्यारेलाल, शरीफ, वीरेंद्र, अयाज, भवानी सिंह, राजकुमारी, रामजीलाल डांगी सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक रहने तथा गांधीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।