झुंझुनूं का रेल हक : कैंडल मार्च से जंक्शन बनाने की उठी आवाज
देवेंद्र कुमावत
झुंझुनूं (नवयत्न)। नई रेल सेवाएं शुरू करने और झुंझुनूं को रेलवे जंक्शन बनाने की मांग को लेकर रेलवे स्टेशन पर कैंडल मार्च निकाला गया। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के जन संघर्ष अभियान के तहत हुए मार्च में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर निकाले गए मार्च में कैंडल की रोशनी के जरिए रेल सुविधाओं के अभाव का अंधेरा दूर करने और झुंझुनूं को उसका रेल हक दिलाने का संदेश दिया गया। समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से रेल मंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा गया। इसमें झुंझुनूं से दिल्ली, हरिद्वार, कोलकाता, गुवाहाटी, पटना, रांची, भुवनेश्वर, अहमदाबाद, सूरत, मुंबई, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर सिटी, माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग की गई। मांग पत्र में मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और कुछ ट्रेनों का विस्तार करने की मांग भी रखी गई। साथ ही हिसार-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस का सूरत और बोरीवली में ठहराव शुरू करने की मांग की गई। समिति ने विभिन्न मार्गों पर नई रेल लाइनें बिछाकर झुंझुनूं को रेलवे जंक्शन बनाने की मांग भी उठाई।
नागरिकों ने जताई एकजुटता
कैंडल मार्च में डॉ. मनोज सिंह, गणेश कुमार हलवाई, जुगल किशोर मोदी, श्रवण कुमार गोयनका, सुरेंद्र केडिया, सुरेंद्र अग्रवाल, मनीष बगड़िया, घड़सीराम सैनी, फैयाज अहमद खान, शफीक अहमद खान, जुल्फिकार अली खान, विनोद खन्ना, अनिल शर्मा, मांगीलाल सेन, जाकिर अब्बासी, भोपाल सिंह पटवारी, कैप्टन मोहनलाल, चंद्र प्रकाश जालान, मनीष सत्यनारायण बगड़िया, रवि तुलस्यान सहित अनेक नागरिक मौजूद रहे।