सुभाष चौक पर पानी निकासी समस्या का होगा स्थाई समाधान
‘हिन्द 24 न्यूज’ की खबर का असर
चूरू,(पीयूष शर्मा)31 मई। नगर परिषद की योजना के मुताबिक काम हुआ तो शहर के सुभाष चौक क्षेत्र में भाजपा राज में सीसी सड़क निर्माण के बाद बढ़ी पानी निकासी की समस्या का अब स्थाई समाधान हो सकेगा।
गत 29 मई की शाम को हुई मध्यम बारिश के बाद बाधित बड़े नाले व सड़क निर्माण से बिगड़े लेवल के कारण गली में बरसाती पानी एकत्रित हो गया। आमजन की इस परेशानी को वेब चैनल ‘हिन्द 24 न्यूज’ ने 30 मई को प्रमुखता से प्रकाशित कर परिषद प्रशासन को समस्या से अवगत करवाया।
दूसरे दिन रविवार सुबह सभापति पायल सैनी व युवा समाजसेवी कांग्रेस नेता नारायण बालाण ने अपनी टीम के साथ सुभाष चौक पहुंचकर समस्या का जायजा लिया। अनुबंधित ठेकेदार की ओर से यहां किए जा रहे नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित को समस्या का स्थाई समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान आमजन ने सड़क निर्माण के बाद बढ़ी पानी निकासी के बारे में अवगत करवाया। जिस पर सभापति सैनी व बालाण ने गली में निर्मित नाली को जौहरी सागर की तरफ जा रहे बड़े नाले में जोड़कर समस्या का स्थाई समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
इससे पहले सभापति ने शहर का दौरा कर सफाई व पानी निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। हालांकि रविवार को सफाई सैनानियों का अवकाश होने की वजह से मुख्य मार्गो पर कई जगह सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिली। जिस पर सभापति ने संबंधित क्षेत्र के कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भिजवाकर सफाई करवाई।
पहले कभी नहीं भरता था गली में पानी
इस दौरान वार्ड के रवि सहित अनेक लोगों का कहना था कि भाजपा कार्यकाल के दौरान गली में निर्मित सीवरेज-ड्रेनेज का नाला तो सीधा बनाया गया मगर उसका चैंबर सड़क पर साइड में बना दिया गया। इससे नाले में एक साथ तेज गति से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। नतीजन सड़क पर एकत्रित गंदा-बरसाती पानी घरों में घुस जाता है। इसके अलावा यहां सीसी सड़क निर्माण के दौरान लेवल सही नहीं रखे जाने से भी गंदा पानी गली में एकत्रित हो जाता है। इससे पहले गली में कभी बरसाती पानी एकत्रित नहीं होता था।
आमजन ने सराहा सभापति की संवेदनशीलता को
इस दौरान मौजूद सुभाष चौक क्षेत्र के वाशिंदों ने उन्हें समस्या से अवगत करवाते हुए सभापति सैनी व समाजसेवी बालाण की संवेदन शीलता की सराहना की। लोगों ने कहा कि वेब चैनल ‘हिन्द 24 न्यूज’ के जरिए समस्या का पता लगने के बाद मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा लेना व तुरंत नाले की सफाई शुरू करवाना सभापति की जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना का ही नतीजा है।