DPC के लिए शिक्षकों ने जताया शिक्षा मंत्री का आभार, सौंपा 15 सूत्री मांग पत्र
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । शिक्षक संगठन अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) खंड तारानगर ने तारानगर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का भव्य स्वागत कर अपनी मांगों का मांग-पत्र सौंपा।
समारोह के दौरान शिक्षक संगठन ने शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में शुरू की गई पदोन्नति (DPC) प्रक्रिया के लिए शिक्षा मंत्री का सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति की प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति लाने से प्रदेश के हज़ारों शिक्षकों का मनोबल बढ़ा है।
संगठन के अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, मंत्री राजेन्द्र किरोड़ीवाल, प्रभुराम गेहुआं, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मंगलेश खत्री तथा नरेंद्र भाटी के नेतृत्व में शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री को हनुमान जी (बालाजी) की प्रतिमा व श्रीफल भेंट कर उनका अभिनंदन किया एवं 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संघ ने शिक्षा मंत्री से ग्रीष्मकालीन की कटौती निरस्त कर पूर्व की भांति 17 मई से 30 जून तक यथावत रखने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर लगी रोक हटाकर पारदर्शी नीति के तहत जल्द स्थानांतरण करने, शिक्षा विभाग में शेष रहे सभी संवर्गों की लंबित डीपीसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर उनके पदस्थापन आदेश जारी करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में कक्षा 6 से 10 तक ‘AI एवं कंप्यूटेशनल थिंकिंग’ को अनिवार्य विषय लागू करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों की वर्षों पुरानी वेतन विसंगतियों को दूर कर उन्हें समान व न्यायसंगत वेतनमान प्रदान करने, सत्र 2019-20 से 2022-23 तक क्रमोन्नत करने, विद्यालयों में नए पदों का शीघ्र आवंटन करने, स्कूलों में कार्यरत संविदा शिक्षकों को अविलंब नियमित करने, सेवारत शिक्षकों को पत्राचार बी.एड. पाठ्यक्रम के अंतर्गत इंटर्नशिप अवधि के वेतन का भुगतान करने, विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा को सशक्त बनाने हेतु ‘कंप्यूटर अनुदेशक कैडर’ का सुदृढ़ीकरण करने, महात्मा गांधी विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों से भी हिन्दी माध्यम में प्रत्यावर्तन के आवेदन लेने, विद्यालयों में कार्यरत कुक-कम-हेल्पर के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने, नए जिलों के गठन के फलस्वरूप शिक्षकों एवं कार्मिकों की वरिष्ठता व पदोन्नति की स्थिति स्पष्ट करने, सभी विद्यालयों में विद्यालय विकास अनुदान (CSG) की राशि समय पर उपलब्ध करवाने, पीडी मद के तहत कार्यरत सभी कार्मिकों को प्रतिमाह समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय न. 4 के शांति देवी कंदोई बालिका उ.मा.वि. में हुए एकीकरण (मर्ज) को निरस्त कर यथावत रखने की मांग की।