बिजली विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर जताया विरोध

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी में राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन के प्रदेशव्यापी आह्वान पर तकनीकी कर्मचारियों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने उपखंड स्तर पर प्रदर्शन कर ऊर्जा विभाग एवं विद्युत निगम प्रबंधन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से तकनीकी कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों एवं ज्वलंत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। कर्मचारियों ने बताया कि संगठन राज्य के पांचों विद्युत निगमों में कार्यरत करीब 40 हजार तकनीकी कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। तकनीकी कर्मचारी बिजली तंत्र के संचालन, रखरखाव और बिजली सप्लाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। कर्मचारियों ने विद्युत निगमों में इंटर डिस्कॉम तबादला नीति लागू कर कर्मचारियों को पारदर्शी एवं न्यायसंगत आधार पर स्थानांतरण का अवसर देना, टाइम बैंड पदोन्नति का लाभ ज्वाइनिंग तिथि से देना तथा सभी विद्युत निगमों में इसे समान रूप से लागू करना शामिल है। इसके अलावा सभी तकनीकी कर्मचारियों को हाई ड्यूटी अलाउंस देने, सभी कर्मचारियों को नि:शुल्क बिजली सुविधा उपलब्ध कराने तथा वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए फील्ड कर्मचारियों के लिए साइकिल भत्ते के स्थान पर मोटरसाइकिल भत्ता लागू करने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने अत्यधिक कार्यभार को देखते हुए तकनीकी पदों का पुनर्गठन करने, आवश्यकता के अनुसार नई भर्तियां करने और स्टाफिंग पैटर्न में संशोधन करने, सीनियर ईएस पद को पुनर्जीवित कर दोबारा सृजित करने तथा डिप्लोमा धारक तकनीकी कर्मचारियों को जेईएन-द्वितीय पद पर पदोन्नति देने की मांग की गई। इस दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन एवं प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष महेन्द्र कसाणा, सुरेश कुमार, राजेश कुमार, राजेंद्र कुमार, हवा सिंह, महेश सैनी, सुनील सैनी, मुकेश कुमार, प्रमोद यादव, भरतलाल,आकाश सैनी सहित अनेक कर्मचारी मौजूद थे।

You might also like