साइबर ठगों का आतंक, आधा दर्जन लोग बने शिकार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी में साइबर ठग लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के आधा दर्जन मामले सामने आए हैं। कहीं ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपए ठग लिए गए तो कहीं कस्टमर केयर पर कॉल करना भारी पड़ गया। ऑनलाइन धमकी देकर भी लोगों से रकम ऐंठी गई। वैशाली नगर में एक व्यक्ति से 64 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मोतीडूंगरी थाना क्षेत्र के सेठानी जी का बाग निवासी तरु अग्रवाल को ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 9 लाख 31 हजार 36 रुपए ठग लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 23 नवंबर को मामला दर्ज किया। गांधी नगर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद जैन से 94,140 रुपए की ठगी हुई। उन्होंने 25 अक्टूबर को टाटा 1एमजी की डिलीवरी जल्दी करवाने के लिए कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनसे 5 रुपए ट्रांसफर करने को कहा। पीड़ित ने फोन-पे के जरिए इंडसइंड बैंक खाते से भुगतान का प्रयास किया, जिसके बाद उनका खाता हैक कर 94,140 रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। वैशाली नगर की गंगासागर कॉलोनी निवासी 69 वर्षीय हरि सिंह बुंदेला को ऑनलाइन डराने और चोट पहुंचाने की धमकी देकर एक लाख रुपए ठग लिए गए। वहीं हनुमान नगर निवासी रिकू लाल गौतम के साथ 64 लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में जीरो नंबर एफआईआर के आधार पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं। चित्रकूट थाना क्षेत्र में भी साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। शालीमार बाग निवासी कपिल जालान के साथ अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की, जबकि सेक्टर-6 निवासी सर्वज्ञ गुप्ता को टेलीग्राम के जरिए ठगी का शिकार बनाया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने 23 नवंबर को मुकदमे दर्ज किए। पुलिस के अनुसार सभी मामलों में बैंक खातों, ऑनलाइन लेन-देन, मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

You might also like