पंचायती राज चुनाव में पूरे राजस्थान में उतरेगी आम आदमी पार्टी
निसं
जयपुर (नवयत्न)। आम आदमी पार्टी राजस्थान ने आगामी पंचायती राज चुनाव प्रदेशभर में लड़ने की घोषणा की है। जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राज्य संगठन महासचिव विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से संपर्क किया जा रहा है। पार्टी ने उम्मीदवारों के आवेदन के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया है। विश्वेंद्र सिंह ने बताया कि हालिया नगरीय निकाय चुनाव में बारां नगर परिषद में पार्टी को मिली सफलता के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। बारां नगर परिषद के 60 वार्डों में आप ने 31 सीटें जीती थीं और इसके बाद शीतल राठौर सभापति निर्वाचित हुईं। पार्टी के अनुसार बारां की जीत के बाद आप से जुड़ने के इच्छुक लोगों की संख्या बढ़ी है। विशेष रूप से युवाओं में स्थानीय राजनीति में भागीदारी को लेकर रुचि बढ़ने का दावा किया गया है। पार्टी आगामी पंचायती राज चुनाव में अधिक से अधिक युवाओं को मैदान में उतारने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। राज्य सचिव जुगल किशोर शर्मा ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार जारी क्यूआर कोड के माध्यम से चुनाव लड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं। पार्टी के राजस्थान चुनाव प्रभारी देवेंद्र शास्त्री ने भी हाल में पंचायती राज चुनावों में जिला परिषद और सरपंच चुनाव लड़ने की पार्टी की योजना की बात कही थी।