भव्य जुलूस के साथ कल निकलेगी महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। अग्रसेन जयंती महोत्सव के पांच दिवसीय कार्यक्रमों का समापन रविवार को महाराजा अग्रसेन की जयंती के अवसर पर धूमधाम से किया जाएगा। अग्रवाल समाज समिति श्रीमाधोपुर के अध्यक्ष बाबूलाल चौधरी ने बताया कि महाराजा अग्रसेन की 5150 वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 5 बजे अग्रसेन महाराज की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 9 बजे अग्रसेन भवन में महाराजा अग्रसेन की पूजा अर्चना एवं आरती कर प्रसाद वितरण किया जाएगा। दोपहर 3 बजे अग्रसेन भवन से महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। शोभायात्रा हाथी-घोड़ों एवं शाही लवाजमे के साथ मंगल कीर्तन करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरते हुए वापस अग्रसेन भवन स्थित समाज कार्यालय पहुंचेगी। इसके पश्चात जयंती महोत्सव का मुख्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में पांच दिवसीय प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। साथ ही समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 10 वीं एवं 12 वीं कक्षा में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले तथा प्रोफेशनल डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।
समाज के लोगों के लिए स्नेह मिलन समारोह
कार्यक्रम के समापन पर अग्रसेन भवन श्रीमाधोपुर में समाज के लोगों के लिए स्नेह मिलन समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। अग्रवाल समाज समिति के उपाध्यक्ष हरिओम गोकुलका ने समाज के सभी लोगों से अपील की है कि वे महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रमों में सहभागिता करें और आयोजन की शोभा बढ़ाएं।

You might also like