जन सेवा समिति के आह्वान पर बाजार हुआ बंद

पिछले 30 दिन से एसडीएम कार्यालय के आगे दिया जा रहा धरना

 

निसं 

खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी में जन सेवा समिति के आह्वान पर बाजार पूर्ण रूप से बंद रहा। ट्रस्ट की कथित तानाशाही के विरोध में ग्रामीणों एवं जन सेवा समिति द्वारा बंद का आह्वान किया गया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पिछले 30 दिनों से एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

उनका आरोप है कि ट्रस्ट द्वारा भोपालगढ़ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि आस्था के केंद्र बाबा रसिक मोहन दास के आने-जाने के रास्ते पर गेट लगाकर उसे बंद कर दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश है। जन सेवा समिति के अध्यक्ष गोकलचंद सैनी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, समिति के नेतृत्व में ग्रामीण एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर रास्ता खुलवाने की मांग करेंगे।

You might also like