कुरैश संस्था ने नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति व पार्षदों का किया सम्मान
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश संस्था की ओर से शुक्रवार को रोड नंबर-3 स्थित कुरैशी हाउस में नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला अगवान, उपसभापति और पार्षदों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में चंचलनाथ टीला के पीठाधीश्वर ओमनाथजी महाराज मुख्य अतिथि रहे। दरगाह हजरत कमरुद्दीन शाह के गद्दीनशीन एजाज नबी का भी सानिध्य रहा। बिसाऊ नगर पालिका चेयरमैन सलमा कुरैशी और संस्था के जिला अध्यक्ष उमर कुरैशी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों को माला, साफा और शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पीठाधीश्वर ओमनाथजी महाराज ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से शहर में सफाई, पानी और बिजली की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा जरूरतमंदों की सेवा करने का आह्वान किया। गद्दीनशीन एजाज नबी ने झुंझुनूं की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के प्रयासों पर जोर दिया। सभापति अब्दुल्ला अगवान ने 30 सितंबर को होने वाले पदभार ग्रहण समारोह में शहरवासियों से नगर परिषद पहुंचने का आग्रह किया। कार्यक्रम संयोजक उमर कुरैशी ने सभी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। इस अवसर पर हाजी जहूर अहमद खान, बालचंद मालसरिया, यूसुफ अली मनिहार, सफी नागौरी, यूनुस अली, रमजान अली माखरिया, सुरेश भामू, बंटी शर्मा मालसरिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।