खादी भंडार कॉलोनी की मुश्किल हुई राह, कीचड़ और झाड़ीदार रास्ता बना मुसीबत
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर के खादी भंडार के पीछे स्थित कॉलोनी के निवासियों को लंबे समय से आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी तक पहुंचने वाला रास्ता झाड़ियों और कीचड़ से अटा होने के चलते लोगों के आने-जाने के लिए सुरक्षित मार्ग भी नहीं बचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रोजाना झाड़ीदार एवं कीचड़युक्त रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। इस दौरान कीचड़ में फिसलकर गिरने, झाड़ियों के कांटों में कपड़े फंसने तथा झाड़ियों में छिपे जहरीले जीव-जंतुओं और आवारा पशुओं का भय लगातार बना रहता है। स्थिति इतनी गंभीर है कि कई बार लोगों को अपने बच्चों को गोद में उठाकर रास्ता पार करना पड़ता है।
प्रशासन से समाधान की उम्मीद :
क्षेत्रवासियों के अनुसार बारिश के दिनों में समस्या और भी विकराल हो जाती है। यहां कच्चे रास्ते में बारिश का पानी भर जाने और कीचड़ होने से कॉलोनी के लोगों का आवागमन बंद हो जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की है। इस संबंध में नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी को समस्या से अवगत कराया गया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि नगरपालिका शीघ्र कार्रवाई कर रास्ते की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे जिससे उन्हें प्रतिदिन की मुसीबत से राहत मिल सके।