चार दिन पहले रखा नौकर निकला चोर

निसं
जयपुर (नवयत्न)। श्याम नगर थाना पुलिस ने घर से चांदी के बर्तन चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी नौकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे इससे पहले ही पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के सभी बर्तन बरामद कर लिए हैं। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर निवासी बृजमोहन मोदी ने मामला दर्ज करवाया था कि उन्होंने 21 अक्टूबर को विष्णु नाम के युवक को घर पर नौकर रखा था। आरोप है कि 24 अक्टूबर को वह घर में रखे चांदी के दो जग, दो गिलास, एक प्लेट और दो ढक्कन चोरी कर ले गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी हरि सिंह दूधवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सूचना और तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु कुमार को गिरफ्तार किया। जो बिहार के बांका जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के अमझर लेटवा गांव का निवासी है। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के दो जग, दो गिलास, एक प्लेट और दो ढक्कन बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी बिहार भागने की तैयारी में था।

You might also like