प्रभारी मंत्री के समक्ष गूंजी माली समाज की आवाज, छात्रावास से लेकर महात्मा फुले की प्रतिमा तक उठीं बड़ी मांगें

संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न) । राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत बुधवार को ग्राम रथ अभियान के तहत जिलेभर के दौरे पर रहे। इसी क्रम में कायस्थपुरा गांव में आयोजित रात्रिकालीन चौपाल के बाद उन्होंने माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री के आवास पर आयोजित विशेष डिनर कार्यक्रम में शिरकत की, जहां समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए नागरिक अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं के जिलाध्यक्ष महेन्द्र शास्त्री ने प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक राजेन्द्र भांम्बू तथा जिला कलेक्टर अरुण गर्ग के समक्ष समाज से जुड़ी वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण मांगों को मजबूती से रखा।
छात्रावास के लिए भूमि आवंटन की पुरजोर मांग
महेन्द्र शास्त्री ने कहा कि जिले में माली समाज के विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए छात्रावास निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि ग्रामीण अंचलों से आने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के नाम पर हो सर्किल का नामकरण
कार्यक्रम में समाज की ओर से जिला मुख्यालय पर स्थित किसी प्रमुख सर्किल का नाम समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले के नाम पर रखने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। समाज के लोगों ने कहा कि महात्मा फुले दंपति ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समानता के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया, ऐसे में उनके नाम पर सार्वजनिक स्थल का नामकरण नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा।
प्रतिमा स्थापना के लिए भूखंड आवंटन की मांग
इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूखंड आवंटित करने की मांग भी रखी गई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह प्रतिमा सामाजिक चेतना, शिक्षा और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
समाज की एकजुटता ने खींचा सबका ध्यान
डिनर कार्यक्रम के दौरान माली सैनी समाज की एकजुटता और सामाजिक सक्रियता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने समाज हित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई। वहीं प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने समाज की भावनाओं को गंभीरता से सुनते हुए मांगों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर परिवार के सदस्य वरिष्ठ अध्यापक रंगलाल सैनी, रेंजर अमित सैनी, अंकुर सैनी, सुनीता सैनी, अनिता सैनी, सपना सैनी, भाविका, मयंक के साथ मंत्री ने फोटो सूट किए। मंत्री के साथ एसपी कविन्द्र सिंह सागर, पीआरओ हिमांशु सिंह, भाजपा नेता विश्वभर पूनियां, माली सैनी समाज संस्था झुंझुनूं के संरक्षक मुरारी सैनी, मीडिया प्रभारी नरेश बगड, चिड़ावा के निवर्तमान प्रधान रोहिताश्व धांगड, जयकरण सैनी, डीपी सैनी, सरपंच रमेश सैनी, पूर्व सरपंच मूलचंद सैनी पौंख, अशोक सैनी नानू वाली बावड़ी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रूडमल सैनी, एडवोकेट सतीश सैनी, पूर्व सरपंच मुकेश पातुसरी, समाज कल्याण अधिकारी पवन पूंनिया,दीपेश सैनी, मुकेश सैनी सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी एवं परिवार जन उपस्थित थे।

You might also like