दिनदहाड़े चोरी, अलमारी का ताला तोड़कर सोने की कंठी और 35 हजार रुपए पार

निसं
नोखा (नवयत्न) । शहर के मस्जिद चौक क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। चोर घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर सोने की कंठी और करीब 35 हजार रुपए नकद चुरा ले गया। परिवादी की रिपोर्ट पर नोखा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में गंगाराम जाट पुत्र डूंगरराम, निवासी सिंवरों की ढाणी, स्वरूपसर, हाल निवासी मस्जिद चौक, नोखा ने बताया कि वह 23 अक्टूबर को सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ स्कूल चले गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे घर लौटने के बाद खाना खाकर आराम करने लगे। शाम करीब 4 बजे उठकर देखा तो कमरे का गेट उतरा हुआ था और अलमारी का ताला टूटा मिला। जांच करने पर अलमारी में रखी सोने की कंठी और करीब 35 हजार रुपए नकद गायब मिले।
परिवादी के अनुसार, घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में एक व्यक्ति दीवार कूदकर घर में प्रवेश करता दिखाई दिया। परिवादी ने उक्त व्यक्ति की पहचान अपने पड़ोसी महावीर जाट, पुत्र जगदीश जाट, निवासी मस्जिद चौक, नोखा के रूप में बताई है।
परिवादी ने पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। रिपोर्ट के आधार पर नोखा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई जगदीश को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You might also like