घरडाना शराब ठेके पर रंगदारी लेने के लिए की फायरिंग
ठेके में की तोडफ़ोड़ व गाडिय़ों में शराब भरकर ले गए
सिंघाना,(नरेन्द्र स्वामी)7 मई। शराब की दुकान खुले तीन दिन भी नहीं हुए हैं कि झगड़ा फसाद होने शुरू हो गए। यह सिलसिला ठेके में हिस्सेदारी, हफ्ता वसूली के लिए हुआ है। बदमाश प्रवृत्ति के लोग ठेके शुरू करते ही आकर दबंगई दिखाते हुए हफ्ता वसूली शुरू कर दी है। घरडाना के शराब ठेके पर दिनदहाड़े फायरिंग व तोडफ़ोड़ की घटना हुई है। ठेका संचालक राजेश कुमार निवासी पालौता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि गुरूवार शाम को 3 बजे के करीब जयवीर, अजय सोमरा, हनी सिंह योगी सिलारपुरी अपने करीब दस-बारह साथियों के साथ 2 गाडिय़ों कैंपर व बोलेरो में बैठकर ठेके पर आए। युवकों ने आते ही चैनल गेट पर फायरिंग की, दुकान में बैठे सेल्समैन सुनील व अशोक कुमार की कनपटी पर हथियार लगाकर ठेके के गल्ले में रखे डेढ़ लाख रुपए निकाल लिए। इस दौरान दुकान में रखी शराब को गाडिय़ों में भरकर ले गए बाकी बची शराब में तोडफ़ोड़ कर दी। जाते समय ठेके की छत पर लगी सोलर प्लेटों को तोड़ दिया, पानी की टंकी में तोडफ़ोड़ की तथा धमकी दी है की पपला गुर्जर गैंग के सदस्य हैं या तो 10 लाख रुपए रोहतास के पास पहुंचा देना नहीं तो दोबारा आएंगे तो जान से मार देंगे, दुकान को बंद ही रखना दुकान नहीं खोलने देंगे। घटना की सूचना पर थानाधिकारी प्रमोद चौधरी मय जाब्ते के मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की।