चोरों ने किया सूने मकान में 80 लाख के जेवर पर हाथ साफ

निसं
जयपुर (नवयत्न)। बिंदायका थाना इलाके की पैराडाइज आनंद सोसायटी, सिरसी रोड में चोरों ने रिटायर्ड कर्नल के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 80 लाख रुपए कीमत के 600 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात का पता 31 अगस्त सुबह कामवाली के घर पहुंचने पर चला। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रिटायर्ड कर्नल महावीर प्रसाद जांगिड़ 70 पत्नी के साथ सास के निधन के कारण 19 अगस्त से नीमकाथाना गए हुए थे। 31 अगस्त सुबह करीब 10 बजे कामवाली मकान पर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का लॉक और दरवाजा टूटा मिला। उसने पड़ोसी भवानी सिंह राठौड़ को सूचना दी। पड़ोसी ने पुलिस को सूचना देने के साथ मकान मालिक को भी जानकारी दी। जयपुर पहुंचने के बाद जांगिड़ ने घर की जांच की तो मेन गेट के अलावा बेडरूम और स्टोर रूम के ताले व दरवाजे टूटे मिले। सामान बिखरा पड़ा था और बेडरूम में रखे जेवरात के डिब्बे खाली मिले। जांच में करीब 600 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले, जिनकी कीमत उन्होंने करीब 80 लाख रुपए बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है। कि चोरों को मकान के लंबे समय से सूना होने की जानकारी कैसे मिली और वारदात में कितने लोग शामिल थे।

You might also like