रात में ताले तोड़कर नकबजनी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । रामनगरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नकबजनी की वारदात करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया संपूर्ण जेवरात भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजिता शर्मा ने रामनगरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नकबजनी की वारदात करने वाले आरोपी पिन्टू जाटव (24) निवासी भरतपुर, विशाल बैरवा (20) निवासी फागी जिला जयपुर और राहुल कुमार (28) निवासी बूंदी को गिरफ्तार किया। इनमें से पिन्टू जाटव और विशाल बैरवा के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मौज-मस्ती और लग्जरी जीवनशैली के लिए चोरी की वारदातें करते थे। ये दिन में कॉलोनियों में घूमकर ताले लगे मकानों की पहचान करते और रात में ताले तोड़कर नकबजनी को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण, जैसे अंगूठी, झुमके, मांगटीका, पायल, बिछिया, लॉकेट, सिक्के व देवी-देवताओं की मूर्तियां सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई में रामनगरिया थाने की विशेष टीम के कांस्टेबल राहुल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।