29.850 किलो डोडा चूरा सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत जालूपुरा थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 29.850 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत सीएसटी टीम ने पुलिस थाना जालूपुरा (उत्तर) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुखा सिंह (30), सुरजन सिंह (19) और मंगल सिंह (29) को जालूपुरा क्षेत्र में केएस टीवीएस मोटर्स के सामने चांदपोल जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया गया है, जो हरियाणा और पंजाब के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों के कब्जे से 29.850 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया है । पुलिस ने बताया कि आरोपियों के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के संबंध में जांच जारी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।