तीन वाहन सीज, एक चालक गिरफ्तार

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा। अभियान के तहत गाटर लगे वाहनों, मोडिफाइड किए गए वाहनों तथा हाई बीम/ऑक्सिलरी लाइट का अनधिकृत उपयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत पुलिस थाना पांचू द्वारा कार्रवाई करते हुए दो बिना नंबर एवं लोहे का गाटर लगी हुई बोलेरो पिकअप तथा एक मोडिफाइड ब्लैक फिल्म लगी थार जीप को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया। इसके अलावा पांचू कस्बे में एक पिकअप वाहन को तेज गति से चलाते हुए पाए जाने पर उसके चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालक जयप्रकाश निवासी जांगल, पुलिस थाना पांचू, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों एवं चालकों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

You might also like