अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के दूसरे दिन मनाया अहिंसा दिवस

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। अणुव्रत समिति नोखा की ओर से चल रहे अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के दूसरे दिन शुक्रवार को अहिंसा दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रोड़ा के सभागार में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की उप प्राचार्य कुंदन कंवर ने की। उन्होंने महात्मा गांधी की अहिंसावादी सोच एवं उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने आचार्य तुलसी के अणुव्रत आंदोलन में अहिंसा को दिए गए महत्व पर भी चर्चा की। अणुव्रत समिति नोखा के अध्यक्ष रमेश कुमार व्यास ने अणुव्रत के शाब्दिक अर्थ को समझाते हुए आचार्य तुलसी के अहिंसा संबंधी उद्बोधन, विचारों एवं उनके क्रियात्मक प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अणुव्रत का उद्देश्य व्यक्ति के जीवन में नैतिकता, संयम और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में अभिषेक, सुनील एवं रविंद्र विजेता रहे। वहीं ज्ञान प्रतियोगिता में अंकित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा लघु नाटक का मंचन भी किया गया। नाटक के माध्यम से आचार संहिता, अहिंसा एवं सकारात्मक सोच का प्रभावी संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सराहा। गतिविधियों का संचालन पूनम सैनी ने किया। इस दौरान अध्यापक गणपत राम, जगदीश प्रसाद, सुभाष चंद्र एवं राजेंद्र गोदारा की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का संचालन अशोक गहलोत ने किया। कार्यक्रम संयोजक दिनेश उपाध्याय ने बताया कि अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अहिंसा, संयम एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

You might also like