2.77 करोड़ की लागत से बने परिवहन कार्यालय भवन का हुआ उद्घाटन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी के खरखड़ा रोड पर रविवार को परिवहन विभाग की 2.77 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नवनिर्मित परिवहन कार्यालय भवन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर, विशिष्ट अतिथि जिला परिवहन अधिकारी रमेश कुमार यादव, पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर थे, जबकि अध्यक्षता परिवहन अधिकारी राजेंद्र जाखड़ ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने विधिवत रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। नवीन भवन के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को वाहनों से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि नए परिवहन कार्यालय भवन के निर्माण से खेतड़ी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब वाहन संबंधी कार्यों के लिए लोगों को झुंझुनूं के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर परिवहन विभाग की सेवाएं उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि खेतड़ी क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मोबाइल नेटवर्क का विस्तार करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय खेतड़ी क्षेत्र में सड़कों की हालत काफी खराब थी लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में सबसे अधिक सड़कों का विकास एवं सुधार कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, शिक्षा और पेयजल के क्षेत्र में भी लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवीन भवन का निरीक्षण किया तथा परिवहन विभाग की सेवाओं को आमजन के लिए और अधिक सुगम बनाने पर चर्चा की। उपस्थित लोगों ने नए कार्यालय भवन के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, ग्यारसी लाल, जिला मंत्री निखिल शर्मा, रघुनंदन शाह, बबलू अवाना, एक्सईएन प्रणव कुमार शीला, नगेंद्र सिंह सोढ़ा, दिनेश कुमार, गजेन्द्र जलंद्रा, जगत सिंह, छत्रसाल सिंह, महेश कुमार, रोहिताश मनकश, प्रभू राजोता, सतीश खरडिया, कैलाश स्वामी, सरपंच रमेश सैनी, प्रदीप कुमार, उम्मेद सिंह, गौरव, रवि मौर्य सहित अनेक लोग मौजूद रहे।