फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा पुलिस ने केड़ली गांव में 14 जून की रात हुई फायरिंग एवं जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अजमेर से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई 12 बोर की बंदूक तथा स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया गया है। इस मामले में चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार केड़ली गांव निवासी गुड़ी देवी की रिपोर्ट पर 15 जून को मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि 14 जून की रात गुड़ी देवी के पति बाबूलाल लोयल और उनके परिचित अशोक विश्नोई निवासी अलाय को केड़ली ताल क्षेत्र में बुलाया गया था। वहां आरोपियों ने उनकी कैंपर गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया तथा जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग की। फायरिंग की इस घटना में बाबूलाल और अशोक गोली लगने से घायल हो गए थे। घटना के बाद नोखा थाने में जानलेवा हमला एवं आम्र्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र के खोलपुरा निवासी जितेंद्रसिंह तथा मांडल थाना क्षेत्र के देवरिया मंडल निवासी मेरसिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेंद्रसिंह के खिलाफ पूर्व में भी करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। वहीं इस प्रकरण में बाबूलाल, गणेशाराम ठाका, उमेश धारणिया और मोहनसिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वारदात के पीछे के कारणों, अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका तथा हथियारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

You might also like