एक साल से फरार चल रहे साइबर ठगी के दस—दस हजार के इनामी दो बदमाश गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । जालूपुरा थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक साल से फरार चल रहे दस—दस हजार रुपये के इनामी दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित महाराष्ट्र के लोगों के नाम पर बैंक खाते किराये पर लेकर साइबर ठगी की रकम खपाते थे। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जालूपुरा थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक साल से फरार चल रहे दस—दस हजार रुपये के इनामी विजय रमेश राव सेण्डे निवासी बरोरा जिला चंद्रपुर, महाराष्ट्र और सूर्य प्रकाश सैनी निवासी उदयपुरवाटी जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि ये अपराधी बेहद शातिर तरीके से ठगी को अंजाम देते थे।
जो भोले-भाले और कम पढ़े-लिखे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देते थे। केवाईसी के बहाने उनके सिम कार्ड, एटीएम और बैंक पासबुक ले लेते थे। इन फर्जी खातों का उपयोग साइबर फ्रॉड की राशि को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था। पुलिस अब इनके द्वारा की गई अब तक की ठगी की कुल राशि और गिरोह के अन्य नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
थानाधिकारी हवासिंह मंगावा ने बताया कि 18 जुलाई 2025 को जालूपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जैन पार्श्वनाथ ट्रेवल्स (पोलो विक्ट्री, जयपुर) पर विजय सेण्डे (नागपुर) के नाम से एक पार्सल बुक करवाया गया है। पुलिस ने जब इसकी जांच की तो पार्सल से भारी मात्रा में अवैध मोबाइल सिम कार्ड, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद हुए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी विजय सेण्डे नागपुर से राजस्थान आया हुआ है और वह सीकर के रिंगस में अपने साथी सूर्य प्रकाश सैनी से मिलने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और दोनों को दस्तयाब कर लिया। पूछताछ के बाद गिरफ्तार किय।
इस कार्रवाई में जालूपुरा थाना टीम (उ.नि. राजेंद्र कुमार शर्मा, एचसी अनिल कुमार, कांस्टेबल लक्ष्मीकांत, जितेंद्र सिंह, शिवराज) और साइबर सेल जयपुर उत्तर (कांस्टेबल नन्छूराम) की विशेष भूमिका रही।