हिसाब-किताब के बहाने बुलाकर दो व्यक्तियों का अपहरण
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। केड़ली गांव में हिसाब-किताब के बहाने बुलाकर दो व्यक्तियों का अपहरण, फायरिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में सोमवार रात पीड़ित की पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना में बाबूलाल और अशोक बिश्नोई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बीकानेर रेफर किया गया है। बाबूलाल की पत्नी गुड्डी जाट ने दर्ज रिपोर्ट में बताया – 14 जून की शाम को नोखागांव निवासी मनोज गोदारा ने बाबूलाल को फोन कर केड़ली आकर पैसे लेने को कहा था। बाबूलाल अपने दोस्त अशोक बिश्नोई निवासी अलाय के साथ एक कैम्पर गाड़ी में रात करीब 11:30 बजे केड़ली स्थित चंचलाई नाड़ी की पड़त के पास पहुंचे।
फायरिंग और मारपीट का आरोप
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद एक स्कॉर्पियो, एक बोलेरो डीआई और तीन-चार बोलेरो कैम्पर गाड़ियों में सवार मनोज गोदारा, दौलत, हरिकिशन, उमेश धारणिया, बाबूलाल गोदारा, मोहनसिंह सहित 10-12 अन्य लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। आरोपियों के पास पिस्टल, लाठियां और लोहे के सरिए थे। प्रार्थिया के अनुसार, बाबूलाल और अशोक ने वहां से निकलने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने बाबूलाल को जबरन गाड़ी से नीचे उतार लिया और कथित तौर पर स्कॉर्पियो में डालकर ले जाने लगे। इसी दौरान मनोज गोदारा ने बाबूलाल पर पिस्टल से फायर किए। दौलत और हरिकिशन ने भी फायरिंग की। इसके अलावा, लाठियों और लोहे के सरियों से दोनों के साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मारपीट कर सड़क पर छोड़ा
घायल बाबूलाल ने बताया कि आरोपी उन्हें जबरन अपने साथ ले गए और बाद में दावा प्याऊ के पास घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार जारी है। नोखा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक जरनैल सिंह ने बताया – मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्धों के पुलिस गिरफ्त में आने के बाद ही घटना के सही कारण और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।