स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय दो पोल हुए धराशाही, कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति रही प्रभावित

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । क्षेत्र के रमादेवी शिवालय के पीछे रोड लाईट दुरूस्त करते समय दो बिजली के पोल आज शुक्रवार को अचानक गिर गए। घटना से डिस्कॉम को अवगत करवाया गया, जिस पर बिजली आपूर्ति को बंद किया गया। गनीमत यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, नहीं तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। मिली जानकारी के अनुसार रमा देवी शिवालय के पास लगे एक पोल पर स्ट्रीट लाईट खराब थी, जिसकी शिकायत पर नगरपालिका के ठेकेदार के कार्मिक आज शुक्रवार को उसे दुरूस्त करने के लिए पहुंचे। जब वे दुरूस्त करने के लिए पोल पर चढ़ रहे थे, तो इसी दौरान वह पोल गिर गया। अचानक गिरे पोल के कारण तारों का खिंचाव हुआ, जिसके कारण पास में लगा दूसरा पोल भी गिर गया। तेज आवाज के साथ गिरे पोल के कारण लोग दहशत में आ गए तथा मौके पर पहुंचे। मोहल्ले के शिवप्रसाद सैनी ने घटना से जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों को अवगत करवाया, जिस पर डिस्कॉम के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति को बंद किया। वहीं वार्ड की मंजूदेवी लुहार व तिलोकचंद प्रजापत ने बताया कि उक्त पोल जर्जर हालत में था, जिसे दुरूस्त करने के लिए डिस्कॉम को कई बार मौखिक रूप से अवगत भी करवाया गया था, लेकिन विभाग द्वारा ध्यान नहीं देने के कारण शुक्रवार को उक्त हादसा घटित हो गया।

You might also like