शहीद हरलाल कालेर की प्रतिमा का अनावरण

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जिले की रतनगढ़ तहसील के ग्राम दाऊदसर मे अमर शहीद हरलाल कालेर की आदमकद प्रतिमा का अनावरण राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के मुख्य आतिथ्य में व विधायक पूसाराम गोदारा की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि देश के सैनिक हमारी सीमाओं के सच्चे प्रहरी हैं और उनके सर्वोच्च बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि शहीदों की प्रतिमाओं की स्थापना एवं ऐसे आयोजनों का संपूर्ण व्यय केंद्र एवं राज्य सरकार को वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस प्रकार के कार्य सरकार की ओर से कराए जाएंगे। डोटासरा ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के हस्तक्षेप के बाद नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव करवाने की स्थिति बनी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में पूरी ताकत से जुटकर कांग्रेस का परचम लहराने और जनता के सहयोग से वर्तमान सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक पूसाराम गोदारा ने अमर शहीद हरलाल कालेर सहित देश के सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के जांबाज सैनिकों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज प्रत्येक नागरिक सुरक्षित जीवन जी रहा है। इस अवसर पर अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विधायक मनोज मेघवाल, विधायक नरेंद्र बुडानिया, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, विधायक पूसाराम गोदारा तथा अन्य अतिथियों ने शहीद हरलाल कालेर के पिता डालूराम कालेर, माता विमला देवी, एवं वीरांगना श्रवणी देवी सहित उपस्थित शहीद परिवारों का शॉल एवं प्रतीक चिह्न से सम्मान किया तथा देश हित में किए गये त्याग को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया। समारोह को विधायक नरेंद्र बुडानिया, विधायक मनोज मेघवाल, विधायक अनिल शर्मा, पूर्व विधायक कमला कस्वा, हाजी मकबूल मंडेलिया, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।

You might also like