पेंशनर समाज उप शाखा के शिष्टमंडल ने चिकित्सा अधिकारियों से की चर्चा

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में राजस्थान पेंशनर समाज उप शाखा के शिष्टमंडल ने सत्यनारायण सेवदा के नेतृत्व में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार से भेंट कर आरजीएस योजना और स्थानीय चिकित्सालय स्तर की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान करवाने की मांग की। राजकीय जालान चिकित्सालय में पद स्थापित आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी द्वारा कंप्यूटर से जारी पर्ची पर दवा लिखने से मना करने , पेंशनर्स के लिए चिकित्सा जांच हेतु अलग पंक्ति बनाकर प्राथमिकता से जांच करने और दवा वितरण में सभी काउंटर पर पेंशनर्स को प्राथमिकता से दवा देने आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्देश जारी कर समस्याओं का समाधान कर दिया। आरजीएसएस योजना के अंतर्गत निजी मेडिकल स्टोर द्वारा दवाइयां देने से मना करने , राज्य सरकार के निर्देशानुसार कंप्यूटर द्वारा लिखित दवाइयों की पर्ची उपलब्ध करवाने की मांग की गई , जिस पर अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल में वार्ता हेतु वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जांगिड़ , मोहम्मद अनवर कुरैशी , राजेंद्र सिंह बिदावत , रामदेव चंदनिया , पीरुमल भोभारिया, बद्री प्रसाद शर्मा , एडवोकेट रामावतार ठठेरा, विनोद कुमार वर्मा , हरिराम शर्मा, निरंजन भार्गव और भागीरथ मंडार आदि उपस्थित रहे।

You might also like