नीमकाथाना उपखंड में पांच व्यक्तियों की आई पॉजिटिव रिपोर्ट
पालिका क्षेत्र में तीन व ग्रामीण में दो कोरोना पॉजिटिव
नीमकाथाना,(हरीश देवन्दा)17 मई। उपखंड क्षेत्र में 5 कोरोना पॉजिटिव आने के बाद चिकित्सा विभाग और प्रशासन में हडक़ंप मच गया। बीसीएमएचओं मुकेश डिग्रीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 मई के बाद बाहर से आए हुए लोगों के लक्षणों एवं संदेह के आधार पर 110 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए थे। जिनकी जांच के बाद नगरपालिका क्षेत्र में पुराना वार्ड नंबर 17 छावनी में कोर्ट कैंपस के पीछे, वार्ड नंबर 12 एवं वार्ड नंबर 3 सेम स्कूल के पास एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है तथा ग्रामीण क्षेत्र में सांवलपुरा, टटेरा में एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। नीमकाथाना ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डिग्रीवाल ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से बाहर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है जिसमें एएनएम, पटवारी, ग्राम सेवक सहित अनेक लोगों के सहयोग से गांव में बाहर से आने वाले लोगों की सूची बनाकर स्क्रीनिंग एवं होम आइसोलेशन किया जा रहा है तथा उनको और उनके परिजनों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए पाबंद किया जा रहा है। शहर में तीन कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन उनकी यात्रा की जानकारी एकत्रित कर रही है।