विधायक महर्षी के प्रयास लाए रंग, खुला सब्जी बाजार
राजलदेसर,(कुंदन दाधीच)22 मई। विधायक अभिनेष महर्षी के प्रयासों से चार दिन से बंद पड़ा सब्जी बाजार शुक्रवार सुबह खुलने से सब्जी विक्रताओं व क्रेताओं में खुशी देखी गई। करीब 30 हजार की आबादी वाले राजलदेसर कस्बे में स्थाई सब्जी मंडी नहीं है। रेहड़ियों व थड़ियो पर वर्षो से सुभाष चौक में सब्जी का बाजार लगता आ रहा है। कोरोना महामारी के चलते 17 मई तक लॉक डाउन के दौरान भी इन थड़ियो व रेहड़ियों को नहीं हटाया गया। लॉक डाउन 4 लागू होते ही स्थानीय प्रशासन ने इन थड़ियो व रेहड़ियों पर चल रहे सब्जी बाजार को बंद करवा दिया। जिससे ग्राहक व सब्जी बेचने वाले दोनों परेशान हो गए। बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए।
इस समस्या को लेकर 19 मई को सब्जी विक्रेता व भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक अभिनेष महर्षी के समक्ष गुहार लगाई। विधायक महर्षी ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन से वार्ता कर प्रोटोकॉल की पालना करते हुए सब्जी बाजार चालू करवाने के निर्देश दिए। वार्ता के बाद भी स्थानीय प्रशासन ने सब्जी बाजार लगाने की स्वीकृति नहीं दी। 21 मई सुबह पुन: विधायक ने सब्जी बाजार लगाने के निर्देश दिए तथा पालना न करने पर मौके पर आने की चेतावनी दी। इस पर नगरपालिका की रजामंदी से नायब तहसीलदार सुभाष कुल्हरी व एसएचओं सुरेन्द्र राणा ने सब्जी विक्रेताओं से वार्ता के बाद थडिय़ों व रेहडिय़ों को व्यवस्थित कर शुक्रवार सुबह बाजार लगवा दिया। इससे पहले नगरपालिका के सफाईकर्मियों से चौक की सफाई करवाई गई।