विधायक पूनिया पर लग रहे आरोप बेबुनियाद-गहलोत
पालिकाध्यक्ष व पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)29 मई। थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या मामले में नगरपालिका अध्यक्ष रजिया गहलोत एवं पार्षदों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर विधायक डॉ कृष्णा पूनिया के खिलाफ लगाए जाने वाले आरोपों पर रोष जताया है तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नगरपालिका अध्यक्ष सहित उपाध्यक्ष ललिता पूनिया, पार्षद शेर मोहम्मद, गोवर्धन, मोहम्मद रफीक, जमीला बेगम, सावित्री, अफरोज बानो आदि ने ज्ञापन में बताया कि विश्नोई आत्महत्या मामले में विधायक पूनिया पर राजनीतिक दबाव रखने का आरोप बेबुनियाद व निराधार है तथा इस प्रकार का दु:खदायी कदम कोई नहीं उठाता। कोई व्यक्ति आत्महत्या सामान्यत: अचानक कोई गंभीर घटना के कारण ही करता है।
ज्ञापन में बताया कि हमारी विधायक पूनिया ने क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं तथा विपक्ष के लोग विधायक की छवि को धूमिल करने के लिए घबराए हुए इन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। ज्ञापन में बताया कि सरकार की ओर से धारा 144 लगाई हुई है। फिर भी दिनांक 23 मई को पुलिस थाने के सामने भाजपा नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़, रामसिंह कस्वा तथा मनोज न्यांगली ने जानबूझकर भीड़ इकट्ठा कर प्रदर्शन किया है तथा लॉक डाउन का उल्लंघन किया है तथा इनके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।