पेयजल की समस्या से ग्रामीण परेशान
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। उपखंड के बबाई में पेयजल की समस्या के चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को ग्रामीणों ने एईएन कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन कर एईएन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से करवाने की मांग की है। विष्णु नायक ने बताया कि गांव बबाई में वार्ड नंबर 13 राजपूत का मोहल्ला व स्वामियों का मोहल्ला में पानी की कई दिनों से समस्या बनी हुई है, जिसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। विभाग द्वारा की जाने वाली सप्लाई में तीन दिन से एक या दो मटके पानी आता है जिसमें लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वार्ड नंबर 2 में रहीश चौधरी के मकान के पास सती माता के मंदिर के सामने पानी की भयंकर समस्या बनी हुई है, वहां पाइपलाइन होते हुए भी ग्रामीणों को पानी नहीं आता। वार्ड नंबर 7 में घनश्याम पटवारी के मकान के सामने पानी की पुरानी पाइपलाइन है और जर्जर हो चुकी है, जिसमें पानी नहीं आता। ग्रामीणों ने नई पाइपलाइन डलवाने की मांग की, जिससे ग्रामीणों की पानी की समस्या का समाधान किया जा सकता है सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को 15 दिन में समाधान करवाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो समस्त ग्रामीण सर्व समाज के कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इस मौके पर सुनील नायक, विष्णु कुमार नायक, सुरेंद्र सिंह शेखावत, इमरान कुरेशी, महेंद्र शेखावत, चिंटू स्वामी, विजेश कुमावत, मोनू राजपूत, सुमित कुमावत, दयानंद कुमावत, मंजू स्वामी, सरोज देवी, पुष्पा देवी, पुष्पा स्वामी, रीना, माया देवी, ममता कंवर, उत्सव कंवर, विमला देवी, नीतू स्वामी, शारदा देवी, सुमित्रा देवी, रेखा स्वामी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।