ग्रामीणों को दी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा ‘ग्राम रथ’ अभियान आज शनिवार को तहसील के गोगासर ग्राम पंचायत पहुँचा। गोगासर पहुँचने पर ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं ने उत्साह के साथ रथ का स्वागत और अभिनंदन किया। ग्राम रथ में लगी आधुनिक एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी दी गई। वीडियो और ऑडियो के माध्यम से योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया, ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की नीतियों का लाभ पहुँच सके। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रथ के साथ आए अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अभियान के विधानसभा प्रभारी गुरू बचन धानका एवं सुरेन्द्र जांगिड़ पाबूसर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक बनें और इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से ब्लॉक विकास अधिकारी महेन्द्र सोलंकी, ग्रामीण विकास अधिकारी नंदू सिंह, रवि, किशन, निरंजन, भागुराम, रामलाल, जगदीश प्रसाद सहित कई ग्रामीण महिलाएँ उपस्थित थी।