बीबाणी मुक्तिधाम में पानी की सुविधा शुरू, नवनिर्मित टंकी का लोकार्पण
निलेश मुद्गल
झुंझुनूं (नवयत्न)। बीबाणी मुक्तिधाम में लोगों की सुविधा के लिए नवनिर्मित पानी की टंकी का लोकार्पण किया गया। टंकी का निर्माण बीबाणी विकास समिति की ओर से स्वर्गीय रामगोपाल खेतान कुमावास की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र अशोक कुमार खेतान के सौजन्य से कराया गया है। लोकार्पण के साथ ही टंकी से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई। समिति के अनुसार मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार और अन्य कार्यों के लिए आने वाले लोगों को पानी की सुविधा नहीं होने से परेशानी होती थी। नई टंकी शुरू होने से यहां आने वाले लोगों को पीने और अन्य जरूरतों के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। कार्यक्रम में संस्था संरक्षक डॉ. एसएन शुक्ला, एडवोकेट हरीश जोशी, राजकुमार सोनी, सीताराम सैनी, विकास शुक्ला, सुनील सैनी, माखनलाल मिस्त्री, सुरेश सैनी, नकूल गाड़ियां, कमल बाक्यांण सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।