स्टेडियम के पीछे की गलियों में जलापूर्ति ठप

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर में पेयजल संकट से परेशान लोगों का आक्रोश मंगलवार को सड़कों पर फूट पड़ा। स्टेडियम के पीछे स्थित गलियों में पिछले डेढ़ महीने से जलापूर्ति नहीं होने से त्रस्त वार्डवासियों ने रेलवे ब्रिज के नीचे हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथ पकड़कर मानव शृंखला बना ली और पेयजल समस्या का समाधान होने तक रास्ता नहीं खोलने की चेतावनी दी। हाईवे जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।
डेढ़ महीने से पानी का इंतजार, आखिर सड़क पर उतरे लोग
स्टेडियम के पीछे की गलियों में करीब डेढ़ महीने से पानी नहीं आने से लोगों की दैनिक जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। लगातार परेशानी झेल रहे लोगों ने रेलवे ब्रिज के नीचे हाईवे पर एकत्र होकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। मामले की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी ममता लहुआ ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता अजय सिंह और कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं पेयजल समस्या के समाधान की मांग पर अड़ी रहीं। इसके बाद मौके पर एसएचओ शिम्भु दयाल और चौकी प्रभारी गजेन्द्र सिंह भी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।
डेढ़ घंटे बाद रास्ता खुलवाया गया।
पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे बाद हाईवे से जाम खुलवाया गया। इस दौरान लंबी कतार के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों ने अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से बहस बाजी भी की। इस घटना ने शहर में पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग प्रभावित गलियों में जलापूर्ति सुचारु करने के लिए कितनी जल्दी ठोस कदम उठाता है, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके।

You might also like