भवन के विकास के लिए विधायक निधि से 10 लाख की घोषणा
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। जावा बास में नागौरी सिलावट समाज की ओर से लाडनूं विधायक मुकेश भाकर एवं नगरपालिका अध्यक्ष परवीन नौशाद सिसोदिया के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में दोनों जनप्रतिनिधियों का साफा माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश भाकर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की दमनकारी नीतियों और नगरपालिका बोर्ड बनाने के उसके सपने को कांग्रेस ने पूरा नहीं होने दिया। उन्होंने नागौरी सिलावट समाज भवन के विकास के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
बेटियों को आगे बढ़ाने की अपील
नगरपालिका अध्यक्ष परवीन नौशाद ने अपने उद्बोधन में बालिका शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने में बताई। पालिका अध्यक्ष परवीन ने इस अवसर पर अपने परिवार के डॉ गुलाब नबी सिसोदिया, एडवोकेट आलम अली सिसोदिया तथा विधायक मुकेश भाकर के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में नव निर्वाचित पार्षदों का भी सम्मान किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में सर्व समाज के गणमान्य लोग एवं महिलाएं मौजूद रहीं।