शहरी फीडर से बिजली लाइन नहीं जुड़ी तो निकाय चुनाव का करेंगे बहिष्कार

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। शहर के वार्ड संख्या 22 में स्थित बालाजी की ढाणी के लोग बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे है। लंबे समय से इस समस्या का समाधान नहीं होने पर अब इन लोगों द्वारा आगामी नगर पालिका चुनावों के बहिष्कार का निर्णय लिया है। ढाणी में रहने वाले लोगों ने एसडीएम मिथिलेश कुमार को ज्ञापन देकर ढाणी की बिजली आपूर्ति को ग्रामीण फीडर से हटाकर शहरी लाइन से जोड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बालाजी की ढाणी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 में है और यहां के लोग शहरी निकाय चुनाव में मतदान करते हैं। इसके बावजूद यहां की बिजली आपूर्ति ग्रामीण फीडर से जुड़ी है, जिसके कारण यहां रहने वाले सैंकड़ों लोगों को अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी बदतर हो जाती है कि लगातार दो दिनों तक बिजली गुल रहती है। ज्ञापन में लिखा है कि जोधपुर डिस्कॉम के कनिष्ठ अभियंता द्वारा मौके का सर्वे भी किया जा चुका है, इसके बावजूद अब तक लाइन बदलने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति को शहरी तंत्र से नहीं जोड़ा गया, तो ढाणी के सभी मतदाता आगामी वार्ड व पालिका चुनावों का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। इस अवसर पर ढाणी के नोरंगलाल सैनी, सोनू प्रजापत, गौरीशंकर शर्मा, रामस्वरूप, राधेश्याम, पवन, गौतम शर्मा व संजय कुमार सहित कई लोग मौजूद उपस्थित रहे।

You might also like