ग्राइंडर से गर्दन कटने से मजदूर की दर्दनाक मौत
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न)। शहर के वार्ड संख्या 15 स्थित किसान स्कूल व करणी मंदिर के पास में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चेजा मजदूर की ग्राइंडर से गर्दन कटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंदराम 47 पुत्र हनुमानाराम जाट भाकर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, गोविंदराम नया बास क्षेत्र में काम कर रहे थे, और दोपहर करीब 12:45 से 1:00 बजे के बीच छुट्टी कर खाना खाने घर आए थे। घर के अंदर उनकी पत्नी और बेटी टीवी देख रहे थे, जबकि गोविंदराम घर के बाड़े में बने छपरे में घरेलू कार्य करने चले गए। कुछ देर बाद जब बेटी अपने पिता को खाना खाने के लिए बुलाने गई, तो कोई जवाब नहीं मिला। पास जाकर देखने पर गोविंदराम लहूलुहान हालत में पड़े मिले और पास ही टाइल काटने का ग्राइंडर पड़ा था। चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, घर में काम करते समय ग्राइंडर अचानक हाथ से उछल गया, जिससे उसकी तेज धारदार ब्लेड सीधे गर्दन पर जा लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाने के एएसआई महेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद टीम हारे का सहारा के संयोजक श्याम स्वर्णकार और एम्बुलेंस चालक नवरत्न बिजारणिया की मदद से शव को राजकीय बगडिया उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के समय दोनों बेटे जयपुर में मजदूरी पर थे, जो सूचना मिलने पर सुजानगढ़ के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से ग्राइंडर जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह किया जाएगा।