खेत में घुसकर युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला, देवरानी सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पांचू थाना क्षेत्र के जांगलू गांव की रोही में आपसी रंजिश के चलते खेत में घुसकर एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जांगलू निवासी पूजा पत्नी राजाराम बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी ढाणी गांव जांगलू की रोही में स्थित है तथा उसके खेत के पड़ोस में उसके देवर रामेश्वरलाल की ढाणी है। आरोप है कि रामेश्वरलाल के परिवार के सदस्य विष्णु, रामगोपाल, सुरेश, सुमन और शारदा आए दिन उनके परिवार के साथ झगड़ा करते हैं तथा जान से मारने की धमकियां देते रहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार 11 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उसका पति राजाराम खेत में शौच के लिए गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने एकराय होकर हाथों में धारदार हथियार, झावट, चौसंगी और जई लेकर खेत में प्रवेश किया तथा राजाराम पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं तथा सिर से खून बहने लगा। पीड़िता ने बताया कि राजाराम के शोर मचाने पर उसका छोटा देवर अशोक और ससुर भियाराम मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घायल राजाराम को उपचार के लिए देशनोक अस्पताल ले जाया गयाए जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर कर दिया गया। घायल के उपचार में व्यस्त रहने के कारण रिपोर्ट दर्ज करवाने में देरी हुई। पुलिस ने पूजा की रिपोर्ट के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई पप्पूलाल को सौंपी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।