वार्ड 17 में सीवरेज लाइन के गड्ढे बने हादसों का सबब

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । शहर के वार्ड नंबर 17 में सीवरेज लाइन के कार्य के दौरान बरती जा रही लापरवाही आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रही है। पोस्ट ऑफिस और बिजली बोर्ड के पास सीवर लाइन का चैंबर डालने के दौरान मिट्टी अच्छी तरह नहीं दबाई गई। वहीं इस दौरान वहां से जलदाय विभाग की राइजिंग पाइपलाइन टूट गई, जिससे हजारों लीटर पानी सड़क पर व्यर्थ बह गया।
महेश कुमावत ने बताया कि रात करीब 10 बजे उनका पिकअप वाहन सड़क पर बने बड़े गड्ढे में गिर गया। गनीमत रही कि वाहन को बड़ा नुकसान नहीं हुआ और कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, वार्ड के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि इसी गड्ढे में दो-तीन बुजुर्ग भी गिर चुके हैं। ऐसे में यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन और नगरपालिका की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सीवरेज लाइन का चैंबर डालने के दौरान जलदाय विभाग की पाइपलाइन टूटने से पानी की बर्बादी भी हुई है। लोगों ने संबंधित विभागों से टूटे पाइप की मरम्मत करवाने, गड्ढों को तत्काल भरवाने और आवागमन को दुरुस्त करवाने की मांग की है।

You might also like