शराब पीने से रोकने पर पत्थर-डंडों से पीटकर युवक की हत्या

निसं
जयपुर  (नवयत्न) । सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में दुकान के बाहर शराब पीने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आधा दर्जन युवकों ने पहले घर पर पथराव किया और बाद में युवक को अकेला पाकर पत्थर व डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के चार अन्य सदस्य भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है।
थानाधिकारी अनिल जैमन ने बताया कि मृतक की पहचान शिक्षा सागर कॉलोनी, गोविंदपुरा निवासी संजू शर्मा (28) के रूप में हुई है। वह पानी के टैंकर सप्लाई का कार्य करता था। उसके भाई की किराना दुकान घर के बाहर ही स्थित है।
थानाधिकारी के अनुसार मंगलवार रात पड़ोस के खेत में एक शादी समारोह चल रहा था। रात करीब 11 बजे कुछ युवक दुकान के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। परिजनों ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा, जिस पर विवाद हो गया। आरोप है कि युवक कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों के साथ लौटे और घर पर पथराव शुरू कर दिया।
इस दौरान संजू उन्हें समझाने के लिए बाहर गया। लेकिन आरोपियों ने उसे घेर लिया और पत्थर से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। परिवार के लोग बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। जिससे चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल संजू को तत्काल सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई मंगल शर्मा ने बताया कि संजू के परिवार में पत्नी, छह वर्षीय बेटी और तीन वर्षीय बेटा है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए है।

You might also like